एक अक्टूबर से केवल आधार से लिंक्ड खातों में होगा धान के मूल्य का भुगतान

By: MeriKheti
Published on: 27-Aug-2021

अगर आप भी किसान हैं और हर साल अपने धान को बेचकर पेमेंट अपने बैंक एकाउंट में लेते हैं, तो इस बार सावधान हो जाएं। क्योंकि इस साल आपकी पेमेंट बैंक एकाउंट में तभी हो पाएगी, जब आपका एकाउंट आधार से लिंक होगा। इस साल आपको सरकार द्वारा दी गई गाइडलाइन्स का पालन करना होगा तभी आप धान का पेमेंट अपने बैंक एकाउंट में ले सकेंगे। तो आइए इसी के साथ हम आगे बढ़ते हैं और जानते हैं कि धान को बेचकर किसान अपना भुगतान कैसे पा सकते हैं।

क्या है नया तरीका?

अपर आयुक्त (विपणन) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि धान की खरीद की शुरुआत 1अक्तूबर से 31 जनवरी 2022 तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा बुन्देलखण्ड में होगी। वहीं एक नवम्बर से 28 फरवरी 2022 तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसकी खरीदारी की जाएगी। जिसके लिए किसानों को निम्नलिखित बातों का पालन करना होगा - 1. यदि किसान धान बेचना चाहते हैं तो उसके लिए उनको कृषक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। यह रजिस्ट्रेशन आधार नम्बर व आधार में अंकित मोबाइल नम्बर पर भेजे गए OTP नंबर को डालने के बाद ही हो सकेगा। 2. इस साल किसानों को धान का पेमेंट उसी बैंक एकाउंट में किया जाएगा, जो आधार नम्बर से लिंक होगा। इसलिए किसान अपना पेमेंट जिस बैंक एकाउंट में चाहते हैं, उसे आधार से लिंक करा लें। 3. इसके अलावा अगर आपका बैंक एकाउंट से लिंक आधार का फ़ोन नम्बर बंद है तो आपको उसे भी जल्द ही चालू कराना होगा। वरना आपको पेमेंट प्राप्त करने में परेशानी होगी।



ये भी पढ़ें: धान की खेती की रोपाई के बाद करें देखभाल, हो जाएंगे मालामाल

कब से शुरू होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन? 

धान की खरीद के लिए जो ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन है, उसे 16 अगस्त 2021 से ही शुरू कर दिया गया है। इसे पहले से ही किसानों की सुविधा के लिये शुरू कर दिया गया है। किसानों द्वारा कराए गए रजिस्ट्रेशन ( ई-क्रय प्रणाली (https://eproc.up.gov.in/Uparjan/Home_Reg.aspx) में उन्हें एक टोकन मिलेगा। उस टोकन को क्रय केंद्रों पर ले जाना पड़ेगा, तभी किसानों से धान की खरीदारी की जाएगी। इस रजिस्ट्रेशन को किसान अपने घर या फिर सीएससी से भी करा सकते हैं।

किसानों की मदद के लिए कोई नंबर?

जी हां, किसानों को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो। इसलिए उनकी हेल्प के लिए एक टोल फ़्री नम्बर भी उपलब्ध कराया गया है। अगर किसानों को किसी भी तरह की कोई समस्या होती है तो वह मदद के लिए टोल फ्री नम्बर 1800-1800-150 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा वो सम्बन्धित जिले के जिला खाद्य विपणन अधिकारी से, तहसील के क्षेत्रीय विपणन अधिकारी से या फिर किसान ब्लॉक के विपणन निरीक्षक से भी सहायता ले सकते हैं।

कहां कहां होगी धान की खरीदारी? 

वर्ष 2021- 22 में धान की खरीदारी कहां कहां की जाएगी उसकी लिस्ट तैयार कर ली गई है। किसानों से धान की खरीदारी 1 अक्टूबर से 31 जनवरी 2022 तक होगी। इस तारीख में पश्चिमी उप्र व बुंदेलखंड के अलीगढ़, बरेली, आगरा, हरदोई, सीतापुर, मुरादाबाद, सहारनपुर, मेरठ, लखीमपुर और झांसी मंडलों में खरीदारी की जाएगी। इसके अलावा एक नवंबर से 28 फरवरी 2022 तक पूर्व उ.प्र. के कानपुर, चित्रकूट, मिर्जापुर, रायबरेली, अयोध्या, उन्नाव, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, देवीपाटन, बस्ती सहित कई जिलों में धान की खरीदारी क्रय केंद्रों पर की जाएगी।



ये भी पढ़ें: धान की नई किस्म मचा रहीं धमाल

क्या होगा इस साल धान का मूल्य?

धान के लिए सरकार द्वारा इस साल का समर्थन मूल्य निर्धारित कर दिया गया है। किसानों से इस बार जहां सामान्य धान को 1940 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा। वहीं ए ग्रेड धान का दाम 1960 रुपये प्रति क्विंटल होगा।

धान खरीद किसान योजना के फ़ायदे 

यह बात तो सभी जानते हैं कि सालभर मेहनत करने के बावजूद भी किसानों को अनाज के सही दाम के लिए दूर दूर तक मंडियों में भटकना पड़ता है। जिस कारण उनका समय तो बर्बाद होता ही है, साथ ही काफ़ी खर्चा भी हो जाता है। वहीं अगर उन्हें मंडी में भी अनाज के सही मूल्य नहीं मिलते हैं तो उनको काफ़ी घाटा उठाना पड़ता है। किसानों की इन सारी परेशानियों को हल करने के लिए सरकार ने धान खरीद किसान योजना को लागू की है। जिसके लिए उन्हें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक है। इस योजना के तहत किसानों को निम्नलिखित लाभ होंगे - 1.किसानों को अपना धान सही दाम में बेचने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। 2. किसान ऑनलाइन धान खरीद किसान रजिस्ट्रेशन करने के बाद, घर बैठे अपने ग्राहकों को ढूंढ सकते हैं। और सही दाम में उन्हें अपने धान बेच सकते हैं। 3. इस योजना का सबसे बड़ा फ़ायदा यह है कि इससे किसानों को उनके धान के अच्छे पैसे मिल जाएंगे। साथ ही उनके कीमती समय की भी बचत होगी।    

श्रेणी