केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीथारमन ने संसद में केंद्रीय बजट 2026-27 प्रस्तुत करते हुए कहा कि उभरती प्रौद्योगिकियां और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) देश के विकास में प्रमुख भूमिका निभाएंगी। बजट का उद्देश्य एआई और नई तकनीकों के माध्यम से किसानों की आकांक्षाओं को पूरा करना और उन्हें भारत की समृद्धि यात्रा का सशक्त भागीदार बनाना है। केंद्रीय बजट 2026–27 के विज़न को धरातल पर उतारते हुए भारत सरकार 17 फरवरी को भारत विस्तार (Bharat Vistaar) नामक एक बहुभाषीय एआई आधारित संवादात्मक सलाह प्रणाली लॉन्च करने जा रही है।
केंद्रीय बजट में “भारत-विस्तार” (Virtually Integrated System to Access Agricultural Resources) नामक एक बहुभाषीय एआई टूल का प्रस्ताव रखा गया है। यह प्लेटफॉर्म एग्रीस्टैक पोर्टल और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के कृषि पैकेज को एकीकृत करेगा।
यह प्रणाली किसानों को फसल प्रबंधन, संसाधन उपयोग और कृषि तकनीकों के बारे में सटीक जानकारी प्रदान करेगी। इससे फसल उत्पादकता में वृद्धि होगी, किसानों की निर्णय लेने की क्षमता मजबूत होगी और परामर्श सेवाओं के माध्यम से जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी।
यह प्लेटफॉर्म किसानों को एक समग्र डिजिटल इकोसिस्टम प्रदान करेगा, जिसमें शामिल होंगे –
फसलों, मौसम और कीटों से संबंधित एआई आधारित मार्गदर्शन
एग्रीस्टैक, आईसीएआर, सरकारी योजनाएं, आईएमडी और मंडी भाव की जानकारी एक ही मंच पर
उत्पादकता बढ़ाने और जोखिम कम करने के लिए परामर्श, ऋण एवं बीमा संबंधी सहायता और भी कई सुविधाएं, जो किसानों को सशक्त बनाने में सहायक होंगी।
मेरीखेति प्लैटफॉर्म आपको खेती-बाड़ी से जुड़ी सभी ताज़ा जानकारियां उपलब्ध कराता रहता है। इसके माध्यम से ट्रैक्टरों के नए मॉडल, उनकी विशेषताएँ और खेतों में उनके उपयोग से संबंधित अपडेट नियमित रूप से साझा किए जाते हैं। साथ ही महिंद्रा ट्रैक्टर, स्वराज, वीएसटी, आयशर और मैसी फर्ग्यूसन जैसी प्रमुख कंपनियों के ट्रैक्टरों की पूरी जानकारी भी यहां प्राप्त होती है।