आज के समय में खेती में मजदूरों की कमी और बढ़ती लागत किसानों के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। विशेषकर फसल कटाई के समय श्रमिकों की अनुपलब्धता से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर (Self Propelled Vertical Conveyor Reaper) किसानों के लिए एक किफायती, कुशल और आधुनिक समाधान के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह मशीन न केवल गेहूं और धान जैसी फसलों की कटाई के लिए उपयुक्त है, बल्कि इससे तिलहन, जौ, राई, ज्वार और अन्य खड़ी फसलों की कटाई भी बड़ी आसानी से की जा सकती है।
यह एक इंजन चालित स्वचलित कृषि यंत्र है, जिसे किसान बिना ट्रैक्टर के भी चला सकते हैं। इस मशीन में पहियों के साथ इंजन लगा होता है, जिससे यह खेतों में आसानी से चलती है। इसमें पॉवर ट्रांसमिशन सिस्टम, कटर बार, फसल पंक्ति विभाजक (Crop Divider), कन्वेयर बेल्ट, स्टार व्हील और कंट्रोल यूनिट जैसी मुख्य इकाइयाँ होती हैं।
मशीन का कार्य तरीका काफी प्रभावी होता है — यह फसल को काटते हुए उसे खड़ी अवस्था में कन्वेयर बेल्ट की सहायता से एक तरफ व्यवस्थित रूप से गिराती जाती है। इससे फसल को इकट्ठा कर बंडल (गट्ठे) बनाना बेहद आसान हो जाता है और बिखराव से होने वाला नुकसान भी काफी हद तक कम हो जाता है।
स्वचलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर को कॉम्पैक्ट और हल्का बनाया गया है ताकि इसे छोटे से छोटे खेतों में भी आसानी से चलाया जा सके।
भारतीय बाजार में विभिन्न कंपनियों जैसे किर्लोस्कर, ग्रिव्स, शक्तिमान, किसान क्राफ्ट, कृषि उपकरण इंडिया, और बीसीएस द्वारा यह यंत्र उपलब्ध है। इनकी कीमत ₹80,000 से ₹1,30,000 तक होती है, जो मॉडल, इंजन क्षमता और कंपनी के अनुसार बदलती है। किसान स्थानीय डीलरों या अधिकृत कृषि उपकरण विक्रेताओं से संपर्क कर बेहतर कीमत पर खरीदारी कर सकते हैं।
Merikheti आपको हमेशा ताज़ा जानकारी उपलब्ध कराता है। यहाँ ट्रैक्टरों के नए मॉडल और उनके कृषि उपयोग से जुड़ी ख़बरें नियमित रूप से प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर ब्रांड्स जैसे वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर, आयशर, न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाती है, जिसमें थोक और खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी शामिल होती है।