स्वराज 855 एफई भारतीय कृषि क्षेत्र में एक ऐसा नाम है, जिस पर किसान वर्षों से भरोसा करते आ रहे हैं। यह ट्रैक्टर विशेष रूप से भारतीय खेतों की परिस्थितियों, मिट्टी के प्रकार और किसानों की मेहनत को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। स्वराज ट्रैक्टर्स का यह मॉडल अपनी मजबूती, कम ईंधन खपत और शानदार प्रदर्शन के कारण 55 एचपी श्रेणी में लगातार लोकप्रिय बना हुआ है। आधुनिक तकनीक और पारंपरिक मजबूती का संतुलन इस ट्रैक्टर को खेती के साथ-साथ व्यावसायिक कार्यों के लिए भी उपयुक्त बनाता है। इस ट्रैक्टर के उन्नत फीचर्स किसानों के काम को ओर अधिक आसान, तेज़ और किफायती बनाते हैं।
स्वराज 855 एफई ट्रैक्टर में 55 एचपी श्रेणी का शक्तिशाली इंजन दिया गया है, जिसकी क्यूबिक कैपेसिटी 3478 सीसी है। यह इंजन लंबे समय तक लगातार काम करने की क्षमता रखता है और भारी लोड में भी बेहतरीन प्रदर्शन देता है। ट्रैक्टर में 3-सिलेंडर इंजन लगाया गया है, जो 2000 आरपीएम पर संतुलित पावर जनरेट करता है, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ कार्यक्षमता भी बनी रहती है। इंजन की सुरक्षा और बेहतर एयर फिल्ट्रेशन के लिए इसमें 3-स्टेज वेट एयर क्लीनर दिया गया है, जो धूल-मिट्टी वाले वातावरण में भी इंजन की उम्र बढ़ाने में मदद करता है।
ट्रैक्टर के फ्रंट डिज़ाइन की बात करें तो इसमें एक्सएल एडजस्टेबल फ्रंट एक्सल दिया गया है, जो अलग-अलग फसल पंक्ति दूरी और खेत की स्थिति के अनुसार एडजस्ट किया जा सकता है। इसके अलावा, फ्रंट साइड में दी गई अंदर की ओर फिट की गई हलोजन लाइट्स न केवल रात के समय काम को आसान बनाती हैं, बल्कि ट्रैक्टर के लुक को भी आकर्षक बनाती हैं।
स्वराज 855 एफई ट्रैक्टर में कंपनी ने कांस्टेंट मैश और स्लाइडिंग मेश ट्रांसमिशन का बेहतरीन संयोजन दिया है, जो गियर बदलते समय स्मूद अनुभव प्रदान करता है। पहले जहां इस ट्रैक्टर में 8 फॉरवर्ड और 2 रिवर्स गियर मिलते थे, वहीं अब कंपनी ने इसे अपग्रेड करते हुए 12 फॉरवर्ड और 3 रिवर्स गियर का विकल्प प्रदान किया है। अधिक गियर स्पीड विकल्प मिलने से किसानों को जुताई, बुवाई, ट्रॉली ढुलाई और लोडिंग जैसे कार्यों में बेहतर नियंत्रण और सही गति चुनने की सुविधा मिलती है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होती है।
इस ट्रैक्टर में पावर स्टीयरिंग की सुविधा दी गई है, जिससे लंबे समय तक काम करने पर भी चालक को थकान महसूस नहीं होती। तंग मोड़ों और छोटे खेतों में ट्रैक्टर को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है। ब्रेकिंग सिस्टम की बात करें तो स्वराज 855 एफई में तेल में डूबे ब्रेक दिए गए हैं, जो बेहतर ग्रिप, कम घिसाव और अधिक सुरक्षा प्रदान करते हैं। यह फीचर खासतौर पर ढलान वाले क्षेत्रों और भारी लोड के दौरान ट्रैक्टर को स्थिर बनाए रखने में सहायक होता है।
स्वराज 855 एफई ट्रैक्टर में 42.9 HP का पीटीओ की सुविधा दी गई है, जिससे थ्रेशर, रोटावेटर, रीपर और अन्य कृषि यंत्रों को आसानी से चलाया जा सकता है। इसमें 4 मल्टी-स्पीड फॉरवर्ड पीटीओ और 1 रिवर्स पीटीओ का विकल्प भी मिलता है, जो इसे और अधिक बहुउपयोगी बनाता है। ट्रैक्टर की लिफ्टिंग क्षमता 2000 किलोग्राम है, जिससे यह भारी कृषि उपकरणों और ट्रॉली को बिना किसी परेशानी के संभाल सकता है।
इस ट्रैक्टर में आगे की ओर 6.00 X 16 / 7.50 X 16 साइज के टायर दिए गए हैं, जो बेहतर संतुलन और स्टेयरिंग कंट्रोल प्रदान करते हैं। पीछे के टायरों में कंपनी दो विकल्प देती है—14.9×28 और 16.9×28। किसान अपनी खेती के प्रकार और कार्य आवश्यकताओं के अनुसार उपयुक्त टायर साइज का चयन कर सकते हैं, जिससे खेत में पकड़ और प्रदर्शन दोनों बेहतर होते हैं।
स्वराज 855 एफई ट्रैक्टर की कुल लंबाई 3575 मिमी और चौड़ाई 1845 मिमी है, जिससे यह खेतों में स्थिरता के साथ काम करता है। इसका व्हीलबेस 2250 मिमी का है, जो ट्रैक्टर को बेहतर बैलेंस प्रदान करता है। कुल वजन 2220 किलोग्राम होने के कारण यह ट्रैक्टर भारी कार्यों के दौरान भी मजबूत पकड़ बनाए रखता है। ट्रैक्टर में 437 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस आपको मिलता है।
स्वराज 855 एफई ट्रैक्टर की कीमत भारतीय बाजार में लगभग 8.46 लाख रुपये से 8.81 लाख रुपये के बीच है। हालांकि, यह कीमत राज्य, जिले और डीलर के अनुसार थोड़ी कम-ज्यादा हो सकती है। अपने फीचर्स, पावर और विश्वसनीयता को देखते हुए यह ट्रैक्टर इस कीमत में एक बेहतरीन वैल्यू-फॉर-मनी विकल्प साबित होता है।
स्वराज 855 एफई एक ऐसा ट्रैक्टर है, जो भारतीय किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका दमदार इंजन, कम ईंधन खपत, मजबूत बॉडी, उन्नत गियरबॉक्स, उच्च लिफ्टिंग क्षमता और मल्टी-स्पीड पीटीओ इसे 50–55 एचपी श्रेणी में एक शानदार विकल्प बनाते हैं। नए बदलावों और आधुनिक फीचर्स के साथ यह ट्रैक्टर हल, हैरो, थ्रेशर, रोटावेटर और ट्रॉली जैसे भारी उपकरणों को आसानी से संभाल सकता है। उचित कीमत और भरोसेमंद प्रदर्शन के कारण स्वराज 855 एफई आज भी किसानों की पहली पसंद बना हुआ है।
मेरीखेति प्लैटफॉर्म आपको खेती-बाड़ी से जुड़ी सभी ताज़ा जानकारियां उपलब्ध कराता रहता है। इसके माध्यम से ट्रैक्टरों के नए मॉडल, उनकी विशेषताएँ और खेतों में उनके उपयोग से संबंधित अपडेट नियमित रूप से साझा किए जाते हैं। साथ ही जॉन डियर ट्रैक्टर, वीएसटी, न्यू हॉलैंड और मैसी फर्ग्यूसन जैसी प्रमुख कंपनियों के ट्रैक्टरों की पूरी जानकारी भी यहां प्राप्त होती है।