वैश्विक कृषि और निर्माण उपकरण निर्माता सीएनएच (CNH) ने भारत में निर्मित अपना पहला कॉम्पैक्ट ट्रैक्टर लॉन्च किया है। यह ट्रैक्टर ग्रेटर नोएडा संयंत्र में तैयार किया गया है और कंपनी की मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पहल का उद्देश्य भारत को नवाचार, उत्पादन और निर्यात का हब बनाना है, साथ ही भारतीय किसानों को उनकी जरूरतों के अनुरूप आधुनिक और किफायती उपकरण उपलब्ध कराना है।
सीएनएच के ग्लोबल सीईओ गेरिट मार्क्स ने कहा कि भारत अब कंपनी की वैश्विक रणनीति का आधार बन चुका है। भारत में बने उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद और उन्नत अनुसंधान एवं विकास केंद्र कंपनी के भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं। भारतीय प्रतिभा और लागत दक्षता ने सीएनएच को नवाचार और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक मूल्य प्रदान करने में सक्षम बनाया है।
सीएनएच इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नरिंदर मित्तल ने बताया कि कंपनी भारत सरकार के मेक इन इंडिया विजन से जुड़कर बड़े पैमाने पर विनिर्माण, तकनीक और सोर्सिंग में निवेश कर रही है। इस निवेश से न केवल किसानों की उत्पादकता बढ़ेगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार भी सृजित होंगे।
कंपनी ने भारत संचालन के लिए चार मुख्य लक्ष्य तय किए हैं:
भारत बनेगा सबसे बड़ा वैश्विक टेक्नोलॉजी हब, वर्तमान में सीएनएच भारत में बने उपकरणों का निर्यात 80 से अधिक देशों में करता है। गुरुग्राम स्थित कंपनी का प्रौद्योगिकी केंद्र, जहाँ 700+ इंजीनियर कार्यरत हैं, जल्द ही सीएनएच का सबसे बड़ा वैश्विक टेक्नोलॉजी हब बनेगा। यह केंद्र मल्टी-व्हीकल सिमुलेटर, वर्चुअल और एक्सटेंडेड रियलिटी लैब तथा एडवांस प्रोटोटाइपिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है।
सीएनएच अगले पांच वर्षों में न्यू हॉलैंड ब्रांड के तहत भारत में अपनी ट्रैक्टर मार्केट हिस्सेदारी दोगुनी करना चाहता है। कंपनी का मुख्य जोर 30 से 50 हॉर्सपावर ट्रैक्टर सेगमेंट पर होगा, ताकि भारतीय किसानों की जरूरतों को पूरा किया जा सके।
ग्रेटर नोएडा, पुणे और पीथमपुर स्थित संयंत्रों में कंपनी ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, बेलर, इंजन, लोडर बैकहो और एक्सकेवेटर जैसे उपकरण बना रही है।
भारत को सीएनएच की वैश्विक रणनीति का केंद्र बनाना न केवल घरेलू बाजार को मजबूती देगा, बल्कि विश्व स्तर पर भी भारत को प्रतिस्पर्धी और उन्नत विनिर्माण एवं तकनीकी नवाचार का केंद्र बनाएगा। यह कदम भारत की भूमिका को वैश्विक मानचित्र पर और अधिक सशक्त करेगा।