अब कमल सिर्फ तालाब या कीचड़ में ही नहीं खेत में भी उगेगा, जानें कैसे

By: MeriKheti
Published on: 08-Jun-2023

किसान भाई एक एकड़ में कमल की खेती का काम करेंगे तो उन्हें 5 से 6 हजार का पौधरोपण करना पड़ेगा। बतादें, कि इसकी खेती काफी सस्ती होती है। एक एकड़ भूमि में केवल 25 से 30 हजार रुपये का खर्चा आता है। लोगों को लगता है, कि कमल सदैव कीचड़ अथवा तालाब में ही पैदा होता है। परंतु, अब ये बात पुरानी हो चुकी है। वर्तमान में प्याज, लहसुन, धान और गेहूं की भांति कमल की खेती भी की जा रही है। इससे किसान भाइयों को काफी अच्छा लाभ प्राप्त हो रहा है। विशेष बात यह है, कि कमल की फसल चार माह के अंदर ही तैयार हो जाती है। अर्थात आप 4 महीने के उपरांत कमल के फूल तोड़कर बाजार में बेच सकते हैं। अब तक बाजार में एक कमल के फूल का भाव 30 रुपये से लगाकर 40 रुपये तक है। इस प्रकार यदि किसान भाई एक एकड़ में कमल की खेती करते हैं, तो लाखों रुपये की आमदनी कर सकते हैं।

कमल की खेती के लिए कौन-सा मौसम उपयुक्त है

कमल की खेती के लिए वर्षा का मौसम उपयुक्त माना गया है। क्योंकि अत्यधिक बरसात होने पर कमल के पौधे तीव्रता के साथ विकास करते हैं। ऐसे भी इस हफ्ते के अंत तक उत्तर भारत में मानसून की दस्तक हो जाएगी। अब ऐसी स्थिति में किसान भाई धान एवं खरीफ फसलों के स्थान पर कमल की भी खेती कर सकते हैं। विशेष बात यह है, कि कमल की खेती भी धान की फसल की भांति ही की जाती है। इसके खेत में भी सदैव जलभराव रखना होता है। जितना ज्यादा खेत में कीचड़ रहेगा, उतना अच्छा उत्पादन भी होगा।

ये भी पढ़ें:
पारंपरिक खेती की जगह इस फूल की खेती किसानों को कर सकता है मालामाल

कमल की खेती के लिए खेत को तैयारी

यदि आप कमल की खेती करना चाहते हैं, तो सर्वप्रथम भुरभुरी मृदा होने तक खेत की जुताई करें। इसके उपरांत पाटा चलाकर खेत को एकसार कर दें। इसके पश्चात आप कमल के कलम या इसके बीज की बिजाई कर सकते हैं। बिजाई करने के उपरांत दो माह तक खेत में जल भरकर रखा जाता है। जिससे कि पौधों को प्रचूर मात्रा में पानी मिलता रहे। साथ ही, खेत में कीचड़ भी निर्मित किया जाता है। इससे फसल तीव्रता के साथ विकास करता है। यदि आप जून के माह में कमल की रोपाई करते हैं, तो अक्टूबर तक फसल पूर्णतय तैयार हो जाएगी। अर्थात आप इससे कमल के फूल तोड़ सकते हैं।

कमल की एक एकड़ खेती के लिए कितने पौधे लगेंगे

किसान भाई एक एकड़ में कमल की खेती करते हैं, तो उनको 5 से 6 हजार पौधे लगाने होंगे। इसकी खेती काफी ज्यादा सस्ती है। एक एकड़ में मात्र 25 से 30 हजार रुपये का खर्चा होता है। साथ ही, फूल, बीज एवं गट्ठे तक बाजार में सहजता से बिक जाते हैं। इस प्रकार किसान भाई इसकी खेती से 2 लाख रुपये की आमदनी कर सकते हैं। यदि किसान भाई चाहें, तो कमल के साथ- साथ मखाना एवं सिंघाड़े की भी कमल के खेत में खेती कर सकते हैं। क्योंकि यह दोनों फसलें भी पानी के अंदर ही तैयार होती हैं।

श्रेणी