देश भर की मंडियों में गेहूं की कीमतों में वृद्धि बरकरार रहने की संभावना

By: Merikheti
Published on: 06-Mar-2024

गेहूं की खेती करने वाले किसान भाइयों के लिए 2023 की तुलना में 2024 अत्यंत लाभदायक साबित हो सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि भारत भर की मंडियों में नवीन गेहूं ने दस्तक दे दी है और प्रारंभिक तौर पर गेहूं की फसल को काफी उचित भाव मिल रहा है। 

भारत भर की मंडियों में नए गेहूं की आवक चालू हो गई है। शुरुआती तौर पर गेहूं को काफी अच्छा भाव मिल रहा है, जिससे किसान भाई बेहद खुश दिखाई दे रहे हैं। 

भारत की अधिकांश मंडियों में गेहूं का मूल्य MSP से भी ऊपर पहुँच रहा है। कीमतों में निरंतर बढ़ोतरी को देखकर किसान भाई काफी ज्यादा खुश नजर आ रहे हैं। किसानों को यह आशा है, कि कीमतों में निरंतर वृद्धि जारी रहेगी। 

गेंहू की कीमतों में गिरावट आने की कोई संभावना नहीं  

बतादें, कि बाजार के जानकारों के अनुसार, गेहूं की कीमतों में वृद्धि का यह आलम आगे भी जारी रहने की पूर्ण संभावना है। विशेषज्ञों ने बताया कि भारतभर की मंडियों में नए गेहूं की आवक चालू हो गई है, जिससे कीमतों में काफी तेजी बनी हुई है। 

अगले कुछ महीनों तक कीमतों में यह इजाफा जारी रहेगा। हालांकि, उसके पश्चात हल्की गिरावट भी देखने को मिल सकती है। परंतु, कीमतें MSP से ऊपर ही रहेंगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, जहां गेहूं की घरेलू मांग काफी अच्छी है, तो वहीं निर्यात बाजार में भी भारत के गेहूं की अच्छी-खासी मांग है, जिस कारण से कीमतों में गिरावट की वर्तमान में कोई संभावना नहीं है। 

भारत की मंडियों में ताजा भाव क्या चल रहा है ?

अगर हम गेंहू के मूल्य पर नजर डालें तो अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग कीमत चल रही हैं। हालांकि, भारत की अधिकांश मंडियों में गेहूं का भाव MSP से भी ऊपर चल रहा है। 

ये भी पढ़ें: पहले सब्जी, मसाले और अब गेंहू की कीमतों में आए उछाल से सरकार की बढ़ी चिंता

वर्तमान में केंद्र सरकार गेहूं पर 2275 रुपये की एमएसपी प्रदान कर रही है। वहीं, गेहूं का औसतन भाव 2,275 रुपये प्रति क्विंटल के करीब बना हुआ है। 

केंद्रीय कृष‍ि व क‍िसान कल्याण मंत्रालय के एगमार्कनेट पोर्टल के मुताबिक, सोमवार को कर्नाटक की गडग मंडी में गेहूं को सबसे उचित भाव मिला है। जहां, गेहूं की पैदावार 5039 रुपये/क्विंटल के मूल्य पर बिकी। वहीं, मध्य प्रदेश की आष्टा मंडी में गेहूं का 4500 रुपए/क्विंटल का भाव मिला है।

इसके अतिरिक्त मध्य प्रदेश की अशोकनगर मंडी में गेहूं को 3960 रुपये/क्विंटल, शरबती मंडी में 3780 रुपये/क्विंटल, कर्नाटक की बीजापुर मंडी में 3700 रुपए/क्विंटल और गुजरात की सेचोर मंडी में 3830 रुपये/क्विंटल का भाव प्राप्त हुआ। वहीं, बाकी राज्यों की बात की जाए तो वहां भी कीमत MSP के समान या उससे ज्यादा चल रही है। 

किसान भाई अन्य फसलों की सूची यहां से देख सकते हैं 

बतादें, कि किसी भी फसल का भाव उसकी गुणवत्ता पर भी निर्भर होता है। ऐसे में व्यापारी गुणवत्ता के हिसाब से ही कीमत निर्धारित करते हैं। फसल जितनी शानदार गुणवत्ता की होगी, उसके उतने ही अच्छे भाव मिलेंगे। 

यदि आप भी अपने राज्य की मंडियों में भिन्न-भिन्न फसलों का भाव देखना चाहते हैं, तो आधिकारिक वेबसाइट https://agmarknet.gov.in/ पर जाकर पूरी सूची चेक कर सकते हैं। 

श्रेणी