बांस की खेती करके कमाएं बम्पर मुनाफा, 40 साल तक मिलती है फसल

By: MeriKheti
Published on: 21-May-2023

भारत एक ऐसा देश है जहां पर ज्यादातर लोगों की आजीविका कृषि पर निर्भर है। इसलिए देश भर में बड़े स्तर पर खेती की जाती है। ज्यादातर लोग परंपरागत खेती करते हैं, जिससे किसानों को कोई खास लाभ नहीं होता। इसलिए सरकार समय-समय पर किसानों को बागवानी खेती के लिए प्रोत्साहित करती रहती है। ताकि किसानों को इस खेती बाड़ी के काम में पर्याप्त लाभ हो सके। पिछले कुछ सालों से सरकार ने देश के किसानों को बांस की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया है। बांस के गुणों को देखते हुए सरकार ने इसे हरा सोना कहा है। इसकी खेती के लिए कई राज्य सरकारें अपने स्तर पर सब्सिडी प्रदान करती हैं। इसके बावजूद देश में बांस की खेती करने वाले किसानों की तादाद बेहद कम है, जबकि देश के बाजार में इसकी जबरदस्त डिमांड है। बांस का उपयोग कई तरह के कामों में किया जाता है। इसका उपयोग खेती-किसानी और कंस्ट्रक्शन के काम में किया जाता है। इसके अलावा बांस से हैंडीक्राफ्ट के आइटम्स बनाए जाते हैं। भारत के बाजार में बांस से बने हुए खिलौनों, चटाइयां, फर्नीचर, सजावटी सामान, टोकरियां, बरतन और पानी की बोतल की मांग हमेशा रहती है। इसके अलावा परंपरगत घरों को बनाने में भी बांस का उपयोग किया जाता है। इनके अलावा कई प्रकार की चीजों को बनाने में बांस का उपयोग किया जाता है। इस हिसाब से बांस की भारत में जबरदस्त मांग रहती है। जिसकी पूर्ति किसान भाई कर सकते हैं और बांस की खेती से ज्यादा से ज्यादा लाभ कमा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:
जानिये खेत में कैसे और कहां लगाएं बांस ताकि हो भरपूर कमाई
बांस की खेती किसी भी प्रकार की मिट्टी में की जा सकती है। लेकिन इसे रेतीली मिट्टी में उगाना संभव नहीं है। यह बेहद कम मेहनत वाली खेती होती है। इसमें किसान भाइयों को खेत तैयार करके अतिरिक्त मेहनत नहीं करनी होती है। बांस का पौधा लगाने के लिए 2 फीट व्यास का गड्ढा तैयार करना होता है। उस गड्ढे में किसान भाई आसानी से बांस लगा सकते हैं। बांस लगाने के पहले गड्ढे में गोबर की खाद डाल सकते हैं। यह बांस के विकास के लिए सहायक होगी। बांस रोपाई करने के तीन साल बाद तैयार हो जाता है। जिसके बाद बांस की कटाई की जा सकती है। एक हेक्टेयर में बांस के 1500 पौधे तक लगाए जा सकते हैं। बांस एक ऐसी फसल है जिसे एक बार लगाने के बाद अगले 40 साल तक इसकी कटाई की जा सकती है। इस खेती में लागत न के बराबर आती है और मेहनत भी ज्यादा नहीं करनी पड़ती। इसकी खेती ठंडी जलवायु में करना संभव नहीं है। इसके लिए उष्ण जलवायु अच्छी मानी गई है। इसके लिए गर्मी के साथ बरसात ज्यादा लाभकारी होती है। ऐसे वातावरण में बांस तेजी से विकास करता है। इसलिए भारत में बांस की सबसे ज्यादा खेती पूर्वोत्तर राज्यों में की जाती है। किसान भाई एक हेक्टेयर खेत में बांस लगाकर हर साल 3 लाख रुपये तक की कमाई आसानी से कर सकते हैं। इस हिसाब से किसान भाई कम मेहनत और कम लागत में बांस की खेती से अच्छे खासी कमाई कर सकते हैं।

श्रेणी