हरियाणा में फसल बेचने के लिए करवाएं रजिस्ट्रेशन, फिर से खुला 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' पोर्टल

By: MeriKheti
Published on: 22-Sep-2022

इन दिनों देश में खरीफ की फसल लगभग तैयार हो चुकी है और कई राज्यों में इस फसल की कटाई भी प्रारम्भ हो चुकी है। इसको देखते हुए कई राज्यों में MSP के तहत फसलों की खरीदी प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है। अन्य राज्यों के साथ ही हरियाणा सरकार भी धान की खेती को MSP के तहत खरीदेगी, जिसके तहत सरकार ने खरीदी प्रक्रिया को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। हरियाणा में किसानों को अपनी फसल को MSP पर बेचने के लिए आवश्यक रूप से रजिस्ट्रेशन करवाना होता है। इसलिए किसानों की सहूलियत को देखते हुए एक बार फिर से हरियाणा सरकार ने 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' पोर्टल किसानों के लिए खोल दिया है। जो भी किसान इस पोर्टल में अपना रजिस्ट्रेशन करवाने से चूक गए हैं, वो शीघ्र ही अपना रजिस्ट्रेशन करा लें, ताकि उन्हें अपनी फसल को MSP पर बेचने में किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

ये भी पढ़ें: किसानों की आय बढ़ाने का फॉर्मूला लेकर आई हरियाणा सरकार, किया 100 करोड़ का निवेश
हरियाणा सरकार की पूरी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा किसान MSP पर अपनी फसल को बेचकर उचित लाभ कमा सकें। इसलिए सरकार ने किसानों के लिए कई नियम बनाये हैं, जिससे MSP फसल बेचने पर किसान को फायदा हो और इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की धांधली न होने पाए। हरियाणा सरकार इसके पहले भी एक बार अपना पोर्टल 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' किसानों के लिए खोल चुकी है। यदि जिन भी किसानों ने तब अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया था, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन करवाने की जरुरत नहीं है। हरियाणा सरकार ने एक बार फिर से यह पोर्टल मात्र 3 दिनों के लिए खोला है। इस पोर्टल में किसान 22 सितंबर से लेकर 24 सितंबर तक अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

ये भी पढ़ें: हरियाणा फसल विविधीकरण योजना के लिए लक्ष्य निर्धारित
हरियाणा सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ़ एग्रीकल्चर एंड फार्मर वेलफेयर ने ट्वीट करके जानकारी दी कि, यह किसानों के लिए आखिरी मौका है। इसके बाद पोर्टल दोबारा नहीं खोला जाएगा। इच्छुक किसान अपना रजिस्ट्रेशन 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा' की ऑफिसियल वेबसाइट https://fasal.haryana.gov.in पर जाकर करवा सकते हैं।

श्रेणी