अन्नपूर्णा योजना 2026 पोर्टल लॉन्च: सरकार देगी महिलाओं को ₹3,000 प्रति माह

Published on: 04-Jun-2026
Updated on: 04-Jun-2026

महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से अन्नपूर्णा योजना 2026 की शुरुआत की है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार का मानना है कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 

सरकार ने इसके लिए आधिकारिक पोर्टल भी शुरू कर दिया है, जहां से इच्छुक महिलाएं आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकती हैं। यह योजना विशेष रूप से उन महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है जो सीमित आय वाले परिवारों से आती हैं और नियमित आर्थिक सहायता की जरूरत महसूस करती हैं।

लक्ष्मी भंडार योजना की नई व्यवस्था जगह ले सकती है?

रिपोर्ट्स के अनुसार अन्नपूर्णा योजना को राज्य की लोकप्रिय लक्ष्मी भंडार योजना से जोड़कर देखा जा रहा है। वर्ष 2021 में शुरू की गई लक्ष्मी भंडार योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि जब तक अन्नपूर्णा योजना पूरी तरह लागू नहीं हो जाती, तब तक लक्ष्मी भंडार योजना के लाभार्थियों को पहले की तरह सहायता मिलती रहेगी। 

नई योजना के लागू होने के बाद राज्य की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इससे महिलाओं को अधिक आर्थिक सहायता मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।

आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए मिला 90 दिनों का समय

मुख्यमंत्री ने योजना के शुभारंभ के दौरान बताया कि इसका दायरा काफी बड़ा है और राज्य की लाखों महिलाओं को इससे जोड़ना सरकार का लक्ष्य है। इसी वजह से आवेदन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 90 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। 

सरकार का कहना है, कि पात्र महिलाओं को किसी प्रकार की जल्दबाजी करने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि आवेदन जमा करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर भी यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आवेदन प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी हो और किसी पात्र लाभार्थी को योजना से वंचित न रहना पड़े।

अन्नपूर्णा योजना आवेदन फॉर्म कैसे डाउनलोड करें

योजना के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाया गया है। आवेदन फॉर्म डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आवेदकों को अन्नपूर्णा योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। वहां उन्हें आवेदन फॉर्म डाउनलोड करने का विकल्प मिलेगा। 

आवेदक अपनी सुविधा के अनुसार हिंदी, अंग्रेजी या बंगाली भाषा का चयन कर फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। फॉर्म डाउनलोड करने के बाद उसमें दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ना आवश्यक है। इसके बाद मांगी गई जानकारी को सही और स्पष्ट रूप से भरकर आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

आवेदन फॉर्म में देनी होगी विस्तृत जानकारी

अन्नपूर्णा योजना का आवेदन फॉर्म काफी विस्तृत रखा गया है ताकि पात्रता का सही आकलन किया जा सके। फॉर्म में परिवार के मुखिया का नाम, जन्मतिथि, लिंग, आधार नंबर और डिजिटल राशन कार्ड से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। इसके अलावा परिवार के सदस्यों की संख्या, पूरा पता, मोबाइल नंबर और बैंक खाते का विवरण भी देना अनिवार्य होगा। 

आवेदकों को वोटर आईडी, पैन कार्ड, रोजगार संबंधी जानकारी तथा वार्षिक पारिवारिक आय का विवरण भी देना होगा। सरकार का उद्देश्य है कि सभी लाभार्थियों का सही डेटा तैयार किया जाए ताकि सहायता राशि वास्तविक पात्र महिलाओं तक पहुंच सके।

आवेदन फॉर्म जमा करने की क्या होगी प्रक्रिया

राज्य सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पंचायतों तथा नगरपालिकाओं को इस कार्य में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। 

प्रशासन की ओर से नियुक्त सुपरवाइजर घर-घर जाकर आवेदन फॉर्म एकत्र करेंगे, जिससे दूरदराज क्षेत्रों की महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा नव-निर्वाचित विधायक और स्थानीय प्रशासन भी इस अभियान में सहयोग करेंगे। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक पात्र महिलाएं योजना से जुड़ सकें और उन्हें समय पर सहायता मिल सके।

जनकल्याण शिविरों में भी जमा कर सकेंगे आवेदन

सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूरे पश्चिम बंगाल में विशेष जनकल्याण शिविर आयोजित करने की घोषणा की है। 15 जून से 17 जून तक आयोजित होने वाले इन शिविरों में लोग अपने आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे। 

शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे जो आवेदन भरने में सहायता करेंगे और योजना से जुड़े सवालों के जवाब भी देंगे। जिन महिलाओं को ऑनलाइन आवेदन करने में कठिनाई होती है, उनके लिए यह शिविर विशेष रूप से लाभदायक साबित होंगे। सरकार को उम्मीद है कि इन शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में पात्र महिलाएं योजना में शामिल हो सकेंगी।

पात्रता और शर्तें जानना है जरूरी

अन्नपूर्णा योजना का लाभ लेने के लिए सरकार ने कुछ स्पष्ट पात्रता मानदंड निर्धारित किए हैं। 19 मई 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार आवेदन करने वाली महिला की आयु 25 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 

आवेदक किसी स्थायी सरकारी नौकरी में कार्यरत नहीं होनी चाहिए और न ही उसे केंद्र या राज्य सरकार, किसी सरकारी उपक्रम, पंचायत, नगर निकाय या अन्य सरकारी संस्था से नियमित वेतन या पेंशन मिलनी चाहिए। सरकारी सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के शिक्षक और गैर-शिक्षक कर्मचारी भी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। 

इसके अलावा आवेदक आयकरदाता नहीं होनी चाहिए। राज्य सरकार का कहना है, कि यह योजना आर्थिक रूप से जरूरतमंद महिलाओं के लिए शुरू की गई है और पात्र महिलाओं को समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर योजना का लाभ अवश्य उठाना चाहिए। हर महीने मिलने वाली 3,000 रुपये की सहायता राशि महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

मेरीखेति प्लेटफॉर्म आपको खेती-बाड़ी से जुड़ी सभी ताज़ा जानकारियां उपलब्ध कराता रहता है। इसके माध्यम से ट्रैक्टरों के नए मॉडल, उनकी विशेषताएँ और खेतों में उनके उपयोग से संबंधित अपडेट नियमित रूप से साझा किए जाते हैं। साथ ही वीएसटी, आयशर, न्यू हॉलैंड और पॉवरट्रैक ट्रैक्टर जैसी प्रमुख कंपनियों के ट्रैक्टरों की पूरी जानकारी भी यहां प्राप्त होती है।

श्रेणी