लगातार बढ़ेगी सर्दी इन राज्यों में ऑरेंज (Orange) और येलो (Yellow) अलर्ट जारी

By: MeriKheti
Published on: 19-Jan-2023

ठंड ने पुरे देश में हाहाकार मचा कर रख दिया है। आए दिन बढ़ती ठंड से दिल्ली हरियाणा पंजाब एवं राजस्थान समस्त उत्तर पश्चिम भारत में शीत लहर ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं। ठंड़ को देखते हुए इन समस्त राज्यों के विभिन्न क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) व येलो अलर्ट (Yellow Alert) लागू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) मौसमिक बदलाव की वजह से उत्पन्न होने वाले आपातकालीन स्थिति से संरक्षण करने हेतु तैयार रहने के लिए दिया गया संकेत होता है। लेकिन येलो अलर्ट (Yellow Alert) का मतलब मौसम में परिवर्तन होने की संभावना से होता है। इन अलर्ट का मुख्य उद्देश्य लोगों को मौसम के प्रति सतर्क करना होता है। आईएमडी द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार आगामी सप्ताह में बारिश व 50 किमी के वेग से चलने वाली हवा के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है।

प्रचंड कोहरा और बारिश होने की बेहद संभावना है

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department (IMD)) के अनुसार दिल्ली में हल्की बरसात होने की संभावना है। मौसम कार्यालय द्वारा बताया गया है कि आंशिक तौर से बादल छाए रहने सहित सुबह के वक्त कोहरे समेत धीमी बरसात व रात्रि में बूंदाबांदी की संभावना है। इसी क्रम में मौसम विभाग ने कहा है, कि 21 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बरसात व बर्फबारी आरंभ होकर 25 जनवरी तक रहेगी।

देश के इन राज्यों में ओलावृष्टि होने का अनुमान है

मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुरूप 23 एवं 24 जनवरी को पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू व हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम से मध्यम ओलावृष्टि होने की संभावना व्यक्त की गयी है। आईएमडी ने दिल्ली हरियाणा पंजाब एवं राजस्थान समस्त उत्तर पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) व येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। क्योंकि इन इलाकों में भयंकर शीतलहर की आशंका है। पंजाब के भटिंडा होशियारपुर जालंधर फिरोजपुर मुक्तसर और गुरदासपुर में ऑरेंज अलर्ट किया है। जबकि लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का, बरनाला और संगरूर जैसे जनपद येलो अलर्ट पर हैं। ये भी देखें: भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार इन राज्यों में बढ़ सकता है बारिश और ठंड का प्रकोप

खराब मौसम के चलते फ्लाइट और ट्रेनों को चलने में लग रही देरी

इसके अतिरक्त हरियाणा राज्य में सोनीपत, हिसार, झज्जर और रेवाड़ी ऑरेंज अलर्ट पर हैं। वहीं पलवल, कुरुक्षेत्र, भिवानी और अंबाला येलो अलर्ट पर हैं। उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्से येलो अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को कोहरा कायम रहा। इससे देखने में आने वाली बाधा की वजह से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (Indira Gandhi International Airport(IGI)) से बहुत सी उड़ानें और उत्तर रेलवे द्वारा मिली जानकारी के अनुसार स्टेशन से 6 ट्रेनें काफी विलंब से चल रही हैं।

इस राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में शून्य से भी कम रहेगा तापमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमानुसार शिमला सहित हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बर्फबारी की आशंका व्यक्त की गई है। कई सारे राज्यों में तापमान 0 से नीचे बना हुआ है साथ ही स्थानीय तापमान में तकरीबन 4 से 5 डिग्री की घटोत्तरी देखी गई है। आने वाले दो दिनों में पर्वतीय राज्यों के मौसम में कोई परिवर्तन नहीं होगा।

श्रेणी