भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के साथ पंजाब और हरियाणा में भी तेज़ बारिश का अलर्ट दिया गया है। राजधानी दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिसके चलते निचले इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। अनुमान है कि सितंबर में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज हो सकती है, जो लगभग 109% LPA तक पहुँच सकती है। इससे कई राज्यों में बाढ़ का ख़तरा और मौसम जनित जोखिम बढ़ सकते हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बारिश का दौर तेज़ रहेगा। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में भी जलस्तर बढ़ने से हालात चुनौतीपूर्ण बने रहेंगे।
छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा और बिहार के कई ज़िलों में अगले 2–3 दिनों तक भारी वर्षा होने की संभावना है। 5 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ इलाकों में 21 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा होने की आशंका है। वहीं कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में 5–7 सितंबर तक जोरदार बारिश का अनुमान है। 6 सितंबर को सौराष्ट्र और कच्छ में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें: मौसम विभाग ने की बड़ी भविष्यवाणी, जानिए सम्पूर्ण जानकारी
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, कोटा, उदयपुर, भरतपुर और अजमेर सहित पूर्वी राजस्थान में भारी वर्षा के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान (जोधपुर और बीकानेर संभाग) में 5 से 7 सितंबर के बीच बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है और अति भारी वर्षा भी संभव है।
राज्य के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम सहित कई जिलों में तेज़ वर्षा की चेतावनी दी गई है। मंदसौर, नीमच, दतिया और ग्वालियर में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
हरियाणा व चंडीगढ़: 5 और 9 सितंबर को भारी वर्षा।
राजस्थान: 5 और 8 को पश्चिमी, 6 को पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश।
गुजरात: 5–6 सितंबर तक, विशेषकर 6 को सौराष्ट्र-कच्छ में अति भारी बारिश।
कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र: 5 और 7 सितंबर को जोरदार वर्षा।
मध्यप्रदेश: 5 सितंबर को पश्चिमी हिस्सों में अत्यधिक भारी वर्षा।
पूर्वोत्तर भारत: 6–9 सितंबर के बीच त्रिपुरा, मिज़ोरम, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश में तेज़ बारिश।
अंडमान-निकोबार: 7 और 8 सितंबर को भारी वर्षा।
केरल और माहे: 5 सितंबर से हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।