जानिए भाजपा और कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्रों में किसानों के लिए क्या-क्या ऐलान किए हैं ?

By: Merikheti
Published on: 15-Apr-2024

चैत्र की छठी देवी माँ कात्यायनी एवं बाबा साहेब अंबेडकर के जन्मोत्स्व पर लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस अपना घोषणा पत्र पहले ही जारी कर चुकी है। 

आज हम आपको बताएंगे कांग्रेस और भाजपा द्वारा अपने घोषणापत्र में किसानों के लिए क्या-क्या बड़ी घोषणाएं की गई हैं। 

भाजपा ने किसानों से एमएसपी में वृद्धि, तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने सहित बहुत सारे अन्य वादे किए हैं। 

भाजपा के घोषणा पत्र में किसानों के लिए भी कई बड़े ऐलान किए गए हैं। किसानों के लिए की गई घोषणाओं को 'किसानों का सम्मान-मोदी की गारंटी' नाम दिया गया है। 

भाजपा ने किसानों से एमएसपी में बढ़ोतरी, तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने समेत कई अन्य वादे किए हैं। आइए आपको विस्तार से बताते हैं की भाजपा ने अपने घोषणापत्र में किसानों के लिए क्या-कुछ ऐलान किए हैं। 

किसानों के लिए कांग्रेस की क्या-क्या गारंटी है ?

  1. MSP को स्वामीनाथन आयोग के फार्मूले के तहत कानूनी दर्ज़ा देने की गारंटी। 
  2. किसानों के ऋण माफ़ करने और ऋण माफ़ी की राशि निर्धारित करने के लिए एक स्थायी ‘कृषि ऋण माफ़ी आयोग’ बनाने की गारंटी। 
  3. बीमा योजना में परिवर्तन कर फसल का नुकसान होने पर 30 दिनों के भीतर सीधे बैंक खाते में भुगतान सुनिश्चित करने की गारंटी। 
  4. किसानों के हित को आगे रखते हुए एक नई आयात-निर्यात नीति बनाने की गारंटी। 
  5. कृषि सामग्रियों से GST हटा कर किसानों को GST मुक्त बनाने की गारंटी। 

भाजपा ने किसानों के लिए क्या-क्या घोषणाएं की गई हैं ?

भाजपा के घोषणापत्र के अनुसार, किसानों का सम्मान व सशक्तिकरण भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। भाजपा बीते दस वर्षों में सॉइल हेल्थ कार्ड, सूक्ष्म सिंचाई, फसल बीमा, आसानी से बीज की उपलब्धता जैसी विभिन्न नीतियों एवं पीएम किसान सम्मान योजना के अंतर्गत सीधे उनके खातों में वित्तीय सहायता प्रदान करके किसानों को मजबूत बनाया है। भाजपा ने एमएसपी में भी निरंतर बढ़ोतरी की है। भाजपा आगे भी अपने किसान परिवारों की आय को बढ़ाने के लिए कार्य करेगी।

पीएम किसान योजना से किसानों को करेंगे मजबूत: किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 6,000 रुपये की वार्षिक वित्तीय सहायता दी जाती है। किसानों को निरंतर वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए भाजपा आगे भी कार्य करेगी। 

ये भी पढ़े: पीएम किसान सम्मान निधि योजना के नियमों में बदलाव, जल्द करें ई-केवाईसी अपडेट

पीएम फसल बीमा योजना में मजबूती:  फसल के नुकसान का शीघ्र और सही मूल्यांकन, समयबद्व भुगतान और किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। 

एमएसपी में बढ़ोतरी: प्रमुख फसलों के लिए एमएसपी में अभूतपूर्व वृद्धि के साथ आगे भी समयबद्ध तरीके से एमएसपी में वृद्धि को जारी रखा जाएगा। 

दाल और खाद्य तेल में आत्मनिर्भरता: भारत को दाल (जैसे अरहर, उड़द, मसूर, मूंग और चना) और खाद्य तेल (जैसे सरसों, सोयाबीन, तिल और मूंगफली) के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए अन्नदाताओं को समृद्ध बनाया जाएगा। 

सब्जी उत्पादन और स्टोरेज के लिए नए क्लस्टर बनेंगे: अन्नदाताओं को आवश्यक कृषि इनपुट प्रदान करके पौष्टिक सब्जियों की पैदावार बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही टमाटर, आलू, प्याज आदि जैसी जरूरी सब्जियों की पैदावार के लिए नवीन क्लस्टर निर्मित किए जाएंगे। इन क्लस्टर्स में भंडारण और वितरण की सुविधाएं भी प्रदान की जाएगी।

श्रेणी